महुआ बाजार में ग्रामीणों ने शराब से भरी बोलेरो पकड़ी
करीब 20 पेटी शराब होने की बात, पुलिस और आबकारी विभाग ने शुरू की जांच

सिंगरौली। निवास चौकी क्षेत्र के महुआ गांव के बाजार में ग्रामीणों ने कथित तौर पर अवैध शराब का परिवहन कर रही एक बोलेरो वाहन को रोककर पकड़ लिया। ग्रामीणों के अनुसार बोलेरो में करीब 20 पेटी शराब लदी हुई थी। इसके बाद निवास चौकी पुलिस और आबकारी विभाग को मामले की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो वाहन तथा उसमें मिली शराब को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।पुलिस द्वारा वाहन के नंबर के साथ बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी, इसे कहां ले जाया जा रहा था और इसके परिवहन में कौन-कौन लोग शामिल थे।
फिलहाल मामले में पुलिस और आबकारी विभाग की जांच जारी है। शराब की वास्तविक मात्रा, उसके स्रोत और परिवहन से जुड़े लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।










