4500 बच्चों ने एक साथ गाया वंदे मातरम्
राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम में गूंजे राष्ट्रभक्ति के स्वर, प्रांत कार्यवाह उत्तम बनर्जी ने वंदे मातरम् के इतिहास और महत्ता पर डाला प्रकाश

सिंगरौली। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान एवं सरस्वती शिक्षा परिषद, जिला सिंगरौली के तत्वावधान में शुक्रवार को राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम में ‘नमामि भारतम्–वंदे मातरम् सामूहिक गायन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। लगातार बारिश के बीच आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर के सरस्वती शिशु मंदिरों के करीब 4500 छात्र-छात्राओं ने आचार्य-दीदियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों के साथ सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।
कार्यक्रम में निर्धारित समय सुबह 11 बजे हजारों बच्चों ने अनुशासन और गरिमा के साथ पूर्ण वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। एक साथ हजारों कंठों से राष्ट्रगीत के स्वर गूंजने से राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम राष्ट्रभक्ति के वातावरण से भर उठा। चितरंगी, देवसर, सिंगरौली, झिंगुरदह सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से विद्यार्थी कार्यक्रम में पहुंचे।

वंदे मातरम् के इतिहास और महत्ता पर प्रकाश
मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह उत्तम बनर्जी ने वंदे मातरम् के इतिहास और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लोगों में राष्ट्रभाव जगाने वाला गीत रहा है। इसमें संस्कृत, बांग्ला और हिंदी का समावेश दिखाई देता है और यह देश की एकता, राष्ट्रभावना और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने सभी से राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा रहे। इस अवसर पर ऊर्जांचल विभाग के विभाग प्रचारक प्रशांत, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह, जिला संघ चालक अनिल झा, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, विद्याभारती मध्य क्षेत्र के सदस्य राजेंद्र गुप्ता, सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, नगर निगम सिंगरौली के अध्यक्ष देवेश पांडे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना नागेंद्र सिंह तथा विद्याभारती महाकौशल प्रांत के सदस्य यदुवीर यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बारिश के बीच भी नहीं कम हुआ उत्साह
कार्यक्रम से एक रात पहले से हो रही बारिश के कारण आयोजकों के सामने व्यवस्थाओं को लेकर चुनौतियां रहीं। इसके बावजूद विद्यार्थियों और आचार्य-दीदियों का उत्साह कम नहीं हुआ। जिले के विभिन्न विद्यालयों से विद्यार्थी निर्धारित समय पर स्टेडियम पहुंचे और सामूहिक गायन में भाग लिया।
आयोजन में भारत विकास परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारतीय मजदूर संघ, अधिवक्ता परिषद सहित विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के सदस्यों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में राजेंद्र गुप्ता ने अतिथियों, आचार्य-दीदियों, विद्यार्थियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।










