एनटीपीसी विंध्याचल में राजभाषा विभागीय शील्ड प्रतियोगिता
14 विभागों ने प्रस्तुतियों के माध्यम से वर्षभर किए गए हिंदी कार्यों का किया प्रदर्शन

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में 24 सितंबर 2026 को राजभाषा अनुभाग की ओर से सभी विभागों के बीच राजभाषा विभागीय शील्ड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में परियोजना के करीब 14 विभागों ने उत्साह के साथ भाग लिया। शील्ड हासिल करने के लिए विभागों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
प्रतियोगिता में सभी विभागों ने वर्षभर अपने-अपने स्तर पर राजभाषा हिंदी के प्रगामी प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए किए गए कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से निर्णायक मंडल के समक्ष रखा। प्रस्तुतियों में हिंदी कार्यशालाओं, विभिन्न प्रतियोगिताओं, प्रोत्साहन योजनाओं, तकनीकी कार्यों में हिंदी के प्रयोग और किए गए नवाचारों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।विभागों की ओर से तैयार की गई प्रस्तुतियां सूचनात्मक होने के साथ आकर्षक और रचनात्मक भी रहीं। प्रस्तुतियों के दौरान हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए वर्षभर किए गए प्रयासों की झलक देखने को मिली। एक के बाद एक प्रभावी प्रस्तुतियों से सभागार में मौजूद प्रतिभागियों और दर्शकों में उत्साह बना रहा तथा तालियों से विभागों का उत्साहवर्धन किया गया।आयोजन ने एनटीपीसी विंध्याचल में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए विभागों की सक्रिय सहभागिता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को सामने रखा। प्रतियोगिता के माध्यम से कर्मचारियों को कार्यस्थल पर हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया।










