बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

गणेश पंडाल में सो रहे युवकों पर गिरा हाईटेंशन तार, करंट से चार की मौत

मंडला के हीरापुर में तड़के 5 बजे दर्दनाक हादसा, तीन युवक झुलसे; एक की हालत गंभीर

मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले के नैनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम हीरापुर में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। गणेश उत्सव के लिए लगाए गए पंडाल पर अचानक बिजली का चालू तार टूटकर गिर गया। पंडाल के लोहे और टीन के ढांचे में करंट फैलने से वहां सो रहे चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य झुलस गए। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया गया कि हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ। उस समय गणेश पंडाल में सेवादारों और स्थानीय लोगों समेत करीब 7 से 8 युवक सो रहे थे। इसी दौरान बिजली के खंभे पर टीसी और मीटर के पास से मुख्य बिजली का तार टूटकर सीधे पंडाल पर जा गिरा। अचानक करंट फैलने से युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

हादसे में जैनू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) की मौत हो गई। वहीं प्रियांशु समेत तीन लोग झुलस गए। गंभीर रूप से घायल प्रियांशु को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और बिजली विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। नैनपुर एसडीएम आशुतोष ठाकुर के अनुसार, घटना की जांच पुलिस, प्रशासन और विद्युत विभाग की तकनीकी टीम संयुक्त रूप से कर रही है। तार टूटने के कारणों की भी जांच की जा रही है। पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Author

Related Articles

Back to top button