उफनती नदी में बह गई कार, कान्हा जा रहे पांच दोस्तों की जान पर बनी
पुलिस की चेतावनी के बावजूद बाढ़ के पानी में घुसा दी कार, तेज बहाव में नदी के बीच फंसे; रात में रेस्क्यू कर सभी को बचाया

रायपुर। मध्यप्रदेश के कान्हा किसली घूमने जा रहे रायपुर और भिलाई के पांच दोस्तों की कार शनिवार देर रात खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के दनिया पुल पर उफनती नदी में बह गई। पुल पर तैनात पुलिस जवानों ने कार चालक को आगे जाने से रोकने की चेतावनी दी थी, लेकिन चालक ने कथित तौर पर चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए स्टॉपर तोड़कर बाढ़ के पानी में कार उतार दी। तेज बहाव में कार सड़क से बहकर नदी के बीच पहुंच गई।
कार में सवार पांचों लोग किसी तरह एक पेड़ का सहारा लेकर फंसे रहे और उन्होंने डायल-112 पर फोन कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिव शंकर गेदले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तेज बारिश और घने अंधेरे के बीच पुलिस ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
स्टॉपर तोड़कर बाढ़ के पानी में घुसाई कार
पुलिस के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं। खतरे को देखते हुए दनिया पुल पर पुलिस बल तैनात किया गया था। रात करीब 2:30 बजे रायपुर की ओर से स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक सीजी 04 पीवी 5636 पुल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने चालक को आगे नहीं जाने की चेतावनी दी, लेकिन कार आगे बढ़ गई और पुल पर लगाए गए स्टॉपर से टकरा गई।
बाढ़ वाले हिस्से में पहुंचते ही तेज बहाव ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते कार बहकर नदी के बीच में फंस गई। अंदर बैठे पांचों लोग घबरा गए और मदद के लिए पुलिस को सूचना दी।
तेज बारिश और अंधेरे में शुरू हुआ रेस्क्यू
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी शिव शंकर गेदले के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव, बारिश और अंधेरे के बीच पुलिसकर्मियों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। एक-एक कर पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंडई ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। सभी की हालत सुरक्षित बताई गई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पांचों दोस्त कान्हा किसली घूमने जा रहे थे। कार कुबेर साहू चला रहे थे। बचाए गए लोगों में कमलेश साहू (25), कुबेर साहू (25) और निहाल सक्सेना (21), तीनों गुढ़ियारी रायपुर के निवासी हैं। वहीं महक कौर (21) कैंप-2 पावर हाउस भिलाई और प्रीति रात्रे (20) कैंप-1 रामनगर भिलाई की रहने वाली हैं।
समय रहते पुलिस के पहुंचने और रात में चलाए गए रेस्क्यू अभियान से पांचों की जान बच गई।













