बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

बरगी बांध के 13 गेट खुले, नर्मदा में बढ़ा जलस्तर

2714 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा, निचले इलाकों में बढ़ी चिंता; बांध के कैचमेंट और ऊपरी क्षेत्रों पर लगातार निगरानी

जबलपुर। बरगी बांध के कैचमेंट क्षेत्र में बीते दिनों हुई तेज बारिश के बाद जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। बांध की सुरक्षा और जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए पानी की निकासी बढ़ा दी गई है। शनिवार सुबह 11 बजे सात अतिरिक्त जलद्वार खोले जाने के बाद अब बांध के कुल 13 गेट खुले हुए हैं।

इससे पहले शुक्रवार शाम 6 बजे बांध के छह गेट खोले गए थे। वर्तमान में सभी 13 जलद्वारों को औसतन 1.83 मीटर की ऊंचाई तक उठाया गया है। इन गेटों से करीब 2714 क्यूमेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है। पानी की निकासी बढ़ने से नर्मदा के बहाव क्षेत्र में जलस्तर बढ़ा है और निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

बांध प्रबंधन के अनुसार जलाशय में पानी की आवक करीब 941 क्यूमेक दर्ज की गई है। फिलहाल बारिश की स्थिति में कुछ स्थिरता देखी जा रही है, लेकिन ऊपरी क्षेत्रों से आने वाले जलप्रवाह पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जलाशय के नियंत्रण कक्ष से स्थिति की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जलप्रवाह और जलस्तर में होने वाले बदलाव के आधार पर आगे पानी निकासी को लेकर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button