गया जा रही नेपाली तीर्थयात्रियों से भरी बस धू-धू कर जली
60 यात्री थे सवार, आग लगते ही मची चीख-पुकार; पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला

खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले में शनिवार तड़के उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब नेपाल से गया जा रही तीर्थयात्रियों से भरी सीएनजी बस में अचानक आग लग गई। घटना मानसी थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर अनिल होटल के सामने करीब सुबह 3 बजे हुई। बस में 50 से 60 यात्री सवार थे, जो गया में पिंडदान के लिए जा रहे थे।
चलती बस में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आग की जानकारी मिलते ही यात्री अपनी जान बचाने के लिए बस से बाहर निकलने लगे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बस से यात्रियों के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी। आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास के क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
थाना प्रभारी के अनुसार, सभी यात्री सुरक्षित हैं। बस में आग किस वजह से लगी, इसका अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।













