केंगे में सैन्य विमान क्रैश, मिलिट्री कोर्ट चीफ समेत 14 लोगों की मौत

किंशासा। मध्य अफ्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (डीआर कांगो) में शनिवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। सेना का एक विमान तकनीकी खराबी के बाद केंगे इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 14 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो वरिष्ठ सैन्य जनरलों के अलावा सैन्य अदालत के प्रमुख और सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल जैसे महत्वपूर्ण अधिकारी शामिल हैं।
मिलिट्री कोर्ट प्रमुख और ऑडिटर जनरल की भी मौत
कांगो सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेंगे ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में मिलिट्री कोर्ट के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुतोम्बो कातालायी तिएंदे और सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया शामिल हैं। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य और विमान के चालक दल के लोग भी हादसे में मारे गए।
किकवित से किंशासा लौट रहा था विमान
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, सैन्य विमान दक्षिण-पश्चिमी शहर किकवित से राजधानी किंशासा लौट रहा था। इसी दौरान विमान में तकनीकी खराबी आने की बात सामने आई। इसके बाद विमान केंगे इलाके में दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर जा गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका।
हादसे के बाद कांगो के सैन्य और रक्षा प्रतिष्ठान में शोक का माहौल है। सिविल एविएशन अथॉरिटी के बोर्ड चेयरमैन ट्राइफॉन किन-की मुलुम्बा के मुताबिक, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि हादसे की पूरी जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।













