नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव, एसी कोच का शीशा टूटा; यात्रियों में मची अफरा-तफरी

नागपुर। नागपुर से मुंबई जा रही 12290 दुरंतो एक्सप्रेस पर शुक्रवार देर रात अज्ञात व्यक्ति ने पथराव कर दिया। वर्धा के पास हुई इस घटना में ट्रेन के एसी थ्री टियर के बी-4 कोच की खिड़की का शीशा टूट गया। अचानक हुए पथराव से कोच में बैठे यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। घटना के समय कई यात्री रात का खाना खा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, दुरंतो एक्सप्रेस रात करीब 8 बजे नागपुर से मुंबई के लिए रवाना हुई थी। करीब 9 बजे ट्रेन जब वर्धा के समीप से गुजर रही थी, तभी ट्रैक के किनारे से किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन पर पत्थर फेंका। पत्थर सीधे बी-4 कोच की खिड़की से टकराया और शीशा टूट गया। तेज आवाज सुनकर यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना की जानकारी ट्रेन स्टाफ को मिलने के बाद ट्रेन को वर्धा स्टेशन पर रोका गया। रेलवे की तकनीकी टीम ने क्षतिग्रस्त शीशे की मरम्मत की। इसके बाद ट्रेन को मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया।
मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। आरपीएफ और जीआरपी की टीमें ट्रैक के आसपास के क्षेत्र में जांच कर रही हैं। पत्थर फेंकने वाले की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।













