बरगवां के कनई में 100-100 सीटर बालक-बालिका छात्रावास का भूमिपूजन

सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र की नगर परिषद बरगवां के कनई में केंद्र प्रवर्तित योजना ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत 100 सीटर बालक एवं 100 सीटर बालिका छात्रावास भवन का भूमिपूजन किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्वीकृत दोनों छात्रावास भवनों की कुल लागत 495.25 लाख रुपये बताई गई है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह की भी कार्यक्रम में उपस्थिति रही। इस दौरान विधायक मेश्राम ने कहा कि छात्रावास भवनों के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना उनके भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
प्रस्तावित छात्रावासों में विद्यार्थियों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी। इससे क्षेत्र के दूरस्थ इलाकों से आने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा। छात्रावास भवनों का निर्माण पूरा होने के बाद विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल किशोर गुप्ता, अनिता गुप्ता, विजय कुमार वैश्य, गजेंद्र गुप्ता, गया प्रसाद साह, पार्षद रेखा, रानू प्रजापति, भरत कुशवाह, जगदीश साहू सहित क्षेत्रवासी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने छात्रावास निर्माण को क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।












