चितरंगी में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, जेवरात और नकदी ले गए चोर

चितरंगी। सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र में कॉलेज मोड़ के पास एक सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना का पता मकान मालिक को तीन दिन बाद घर लौटने पर चला। घर का ताला टूटा और सामान बिखरा देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। शिकायत पर चितरंगी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार चितरंगी निवासी संतोष गुप्ता पिता भगवती प्रसाद गुप्ता, उम्र 55 वर्ष, कॉलेज मोड़ के पास नया मकान बनाकर करीब तीन महीने से परिवार के साथ रह रहे थे। उनकी गिरछांदा में किराने की दुकान है। 19 सितंबर की शाम करीब चार बजे वह पत्नी रामवती के साथ दुकान पर गए थे। पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण दोनों रात में घर नहीं लौटे और दुकान के पास बनी मड़ई में रुक गए। अगले दिन दोनों ग्राम लालीमाटी स्थित बेटे सुनील गुप्ता के घर चले गए।
21 सितंबर की रात करीब आठ बजे संतोष गुप्ता कॉलेज मोड़ स्थित अपने मकान पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर बक्से में रखे चांदी के करधन, चांदी की चेन, चार अंगूठियां और हाथ के दो चुरवा सहित सोने की दो अंगूठियां, दो झुमके, आठ लॉकेट और नकदी गायब मिली।
घटना के बाद संतोष गुप्ता अपने समधी बृजेश कुमार गुप्ता के साथ चितरंगी थाने पहुंचे और चोरी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना सहायक उपनिरीक्षक मोहनलाल पनिका को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों और घटना से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।













