महिला थाना प्रभारी की जीप से बैग चोरी, गोपनीय दस्तावेज वायरल होने से पुलिस में हड़कंप
बैढ़न स्टेडियम के पास नाश्ता करने के दौरान हुई घटना, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
सिंगरौली। महिला थाना प्रभारी आराधना सिंह परिहार की जीप में रखा बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना बैढ़न स्टेडियम के समीप चोपाटी की बताई जा रही है, जहां महिला थाना प्रभारी नाश्ता करने गई थीं। इसी दौरान जीप में रखा बैग गायब हो गया। बैग में विभागीय दस्तावेजों के साथ निजी सामान और करीब 4500 रुपये नकद होने की जानकारी सामने आई है।
बताया गया है कि बैग में विभागीय गोपनीय पत्र भी रखा था। इसी बीच एक कथित गोपनीय पत्र के सोशल मीडिया पर वायरल होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बैग चोरी और दस्तावेज के वायरल होने के बीच कोई संबंध है या दोनों घटनाएं अलग-अलग हैं।
जानकारी के अनुसार बैग में विभागीय दस्तावेज के अलावा आधार कार्ड, लिप बाम, ईयरबड्स और नकदी भी रखी थी। बैग गायब होने के बाद आसपास तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
गोपनीय पत्र के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के मामले में कथित रूप से नीरज भारती सहित कुछ लोगों से पूछताछ किए जाने की जानकारी है। पुलिस वायरल दस्तावेज के स्रोत और उसके प्रसार के माध्यम की जांच कर रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
मामले में एक निलंबित प्रधान आरक्षक की भूमिका को लेकर भी संदेह जताए जाने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. के स्तर से भी मामले की जानकारी ली जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बैग चोरी और गोपनीय दस्तावेज के वायरल होने की घटनाओं के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं।













