जयंत सेंट्रल वर्कशॉप में श्रमिकों का प्रदर्शन, पदोन्नति और आवास समेत मांगों को लेकर उठाई आवाज

सिंगरौली। नार्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की केंद्रीय कर्मशाला जयंत में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को लेकर भारतीय कोयला खदान श्रमिक संघ (बीकेकेएसएस) के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। संगठन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों पालियों में नारेबाजी करते हुए प्रबंधन से लंबित मांगों के निराकरण की मांग की।
संघ के अध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि कर्मचारियों की पदोन्नति लंबे समय से लंबित है। इसके अलावा बकाया इंसेंटिव का भुगतान, पात्र कर्मचारियों को आवास आवंटन, आवासों में गैस कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं का समाधान तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं अन्य प्रशासनिक समस्याओं के निराकरण की मांग की जा रही है।
कमलेश कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के सचिव आशुतोष, फूलचंद सिंह, संयुक्त महामंत्री शशिपाल सिंह, मीडिया प्रभारी पुरुषोत्तम कुमार, नरेंद्र पटले, राहुल वैश्य, बृजेश चौधरी, योगेंद्र साव, धीरेन्द्र नाथ महतो, नागेश्वर पटेल, उमेश सोनी और सरयू राम सहित कई कर्मचारी एवं संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।













