सेवा सेतु मेगा शिविरों के माध्यम से सरकार आपके द्वार का संकल्प हुआ साकार
सेवा सेतु अभियान के माध्यम से शासन की सेवाएं सीधे आमजन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है : विधायक श्री रामनिवास शाह”

सिंगरौली,। 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में सेवा सेतु मेगा शिविरों का आयोजन किया गया। जनपद पंचायत बैढ़न सभागार तथा सामुदायिक भवन चितरंगी में आयोजित शिविरों के माध्यम से आमजन को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं लोक सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। शिविरों का उद्देश्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल एवं पारदर्शी बनाते हुए नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करना रहा। जनपद पंचायत बैढ़न सभागार में आयोजित सेवा सेतु शिविर में सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री रामनिवास शाह, नगर पालिक निगम सिंगरौली के अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अर्चना सिंह की गरिमामय उपस्थिति रही। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों से आवेदन प्राप्त कर पात्रतानुसार सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
विधायक श्री रामनिवास शाह ने कहा कि सेवा सेतु अभियान के माध्यम से शासन की सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शिविरों में पहुंचकर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ उठाएं।













