सामुदायिक भवन चितरंगी में सेवा सेतु मेगा शिविर आयोजित
राज्यमंत्री ने किया शिविर का शुभारंभ, विभिन्न विभागों के स्टॉल एवं स्वास्थ्य कैम्प के माध्यम से नागरिकों को मिली सेवाएं

सिंगरौली, 3 अक्टूबर 2026। संकल्प से सेवा अभियान के अंतर्गत सामुदायिक भवन चितरंगी में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राज्यमंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग श्रीमती राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं पात्रता संबंधी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही प्राप्त आवेदनों का परीक्षण करते हुए पात्र प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया गया तथा हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र एवं आवश्यक प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और लोक सेवाओं को नागरिकों के समीप पहुंचाना है, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं एवं आवेदनों का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य कैम्प भी लगाया गया, जिसमें नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को योजनाओं की प्रक्रिया, पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी दी गई। बड़ी संख्या में नागरिकों, महिलाओं एवं हितग्राहियों ने शिविर में सहभागिता कर विभिन्न सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। सेवा सेतु मेगा शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं लोक सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ स्वास्थ्य सेवाएं भी नागरिकों के समीप उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविरों के आयोजन से सुशासन, पारदर्शिता एवं समयबद्ध लोक सेवा प्रदायगी को प्रभावी बनाने के साथ ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना को धरातल पर साकार किया जा रहा है।













