एसपी षियाज के.एम. ने बरका चौकी का किया औचक निरीक्षण
अभिलेखों में अपूर्णता मिलने पर जताई नाराजगी, शीघ्र पूर्ति कर प्रस्तुत करने के दिए सख्त निर्देश

सिंगरौली, 3 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. ने शनिवार को चौकी बरका का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौकी की कार्यप्रणाली, पुलिसिंग व्यवस्था तथा संधारित अभिलेखों का जायजा लेते हुए विभिन्न दस्तावेजों की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान कुछ दस्तावेज एवं अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी अपूर्ण अभिलेखों की आवश्यक पूर्ति शीघ्र करते हुए उन्हें नियमानुसार प्रस्तुत किया जाए। साथ ही भविष्य में अभिलेखों के संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
एसपी ने कहा कि पुलिस कार्यप्रणाली में अभिलेखों का व्यवस्थित, अद्यतन और समयबद्ध संधारण महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सभी दस्तावेजों को पूर्ण एवं अद्यतन रखें।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने चौकी में मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए कर्तव्य के प्रति सजग, अनुशासित एवं समर्पित रहकर जनसेवा को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।
औचक निरीक्षण के दौरान चौकी की समग्र व्यवस्था का जायजा लेते हुए एसपी ने अनुशासन, जवाबदेही, सतर्कता और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।













