सिंगरौली ताइक्वांडो अकादमी में भव्य सम्मान समारोह, विधायक, थाना प्रभारी, ननि अध्यक्ष ने किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन

सिंगरौली- ताइक्वांडो अकादमी द्वारा आज 22 नवंबर 2026 को सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ई-कोल स्कूल के संचालक एवं समाजसेवी जम्मू बेग और मास्टर अनस की सरपरस्ती में संपन्न हुआ। समारोह का उद्देश्य 15 अक्टूबर 2026 को आयोजित बेल्ट परीक्षा में सफल हुए विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान करना और मेहनती विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सिंगरौली रामनिवास शाह, वैढ़न कोतवाली थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी, ननि अध्यक्ष देवेश पांडेय रहे। काइट्स राइज स्कूल के डायरेक्टर अमित जी और समाजसेवी अभिलाष जैन भी उपस्थित रहे। इनके अलावा संजय खान तथा 4 डैन ब्लैक बेल्ट धारक एवं कुक्कीवान (साउथ कोरिया) से प्रमाणित अंतरराष्ट्रीय मास्टर अनस खान भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
समारोह के दौरान अकादमी से जुड़े बच्चों और उनके अभिभावकों ने अपनी बात रखी और अकादमी में मिल रहे प्रशिक्षण, अनुशासन और आत्मविश्वास के बारे में अपने अनुभव साझा किए। अभिभावकों ने अकादमी की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया। मुख्य अतिथियों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल के साथ अनुशासन और मेहनत के रास्ते पर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया तथा अकैडमी में आ रही समस्याओं के तत्काल समाधान का वादा किया।
कार्यक्रम में 15 अक्टूबर 2026 को हुई बेल्ट परीक्षा के विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। विवरण इस प्रकार है:
• येलो बेल्ट: अथर्व, आव्या, शिवांश, आरव, यामी, कुणाल, भव्या, अवंतिका और तान्या
• ग्रीन बेल्ट: मान्या, सौम्या, हर्षित और शौर्य
• ग्रीन-1 बेल्ट: सचिन गुर्जर
• ब्लू बेल्ट: साई सान्वी जेना
• ब्लू-1 बेल्ट: हर्ष झा
सभी विद्यार्थियों को दिए गए कोरियन प्रमाण पत्रों पर मास्टर अनस खान, ग्रैंड मास्टर परवेज खान और कोरियन ग्रैंड मास्टर की हांग किम के हस्ताक्षर हैं, जो इन प्रमाण पत्रों को अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्रदान करते हैं।
समारोह में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए चार विद्यार्थियों समर अली, यामी चौरसिया, भव्या पांडेय और साई सान्वी जेना को प्रशंसा स्वरूप मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम के अंत में अकादमी की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही आगे भी इसी तरह के आयोजन कराते रहने और बच्चों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया।













