बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

दुकान से घर लौट रहे 18 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत

पराई में अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा, परिजनों ने काले रंग की स्कॉर्पियो पर लगाया आरोप

सिंगरौली। चितरंगी थाना क्षेत्र के पराई इलाके में शनिवार 21 नवंबर की शाम सड़क हादसे में 18 वर्षीय अशोक कुमार नाई की मौत हो गई। वह दुकान से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। डायल-112 की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों के मुताबिक, अशोक को काले रंग की स्कॉर्पियो ने टक्कर मारी थी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना चितरंगी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक के पिता गुलाब नाई ने बताया कि उनका बेटा दुकान से घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। अशोक की उम्र करीब 18 वर्ष थी और उसकी शादी भी नहीं हुई थी। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि देवसर में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल हादसे में शामिल वाहन और चालक की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है।

तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग
पराई की इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण का सवाल खड़ा किया है। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से कई परिवार अपनों को खो रहे हैं। ऐसे में ओवरस्पीड वाहनों की जांच, यातायात नियमों का पालन और लापरवाह वाहन चालकों पर कार्रवाई जरूरी है।

Author

Related Articles

Back to top button