छठ पूजन:उगते सूरज को अर्घ्य; छठी मैया से मांगी खुशहाली…

छठ पूजन:उगते सूरज को अर्घ्य; छठी मैया से मांगी खुशहाली…
सीधी पोल खोल पोस्ट
भक्ति, आस्था और अनुशासन के पर्व छठ पूजा का समापन कल मंगलवार की सुबह उगते सूरज को अर्घ्य अर्पित कर हुआ। जिले के सभी घाटों पर भोर से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। गोपालदास बांध, सोन घाट और बंधवा तालाब पर छठी मइया के जयकारे गूंजते रहे।

जल में खड़े होकर सूर्यदेव को दिया अर्घ्य
व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु की कामना की। घाटों पर बने सुंदर वेदियों, दीपों और फूलों से सजा वातावरण भक्ति रस में डूबा रहा।
सीधी शहर के गोपाल दास बांध में छठ आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर डॉ. अनूप मिश्रा और डॉ. बीना मिश्रा की मेहनत नजर आई। घाटों की सफाई, सुरक्षा, स्वास्थ्य कैंप और फ्री फोटो सेल्फी पॉइंट जैसी पहल ने श्रद्धालुओं को खास अनुभव दिया। सोमवार की शाम लायंस क्लब द्वारा आयोजित संगीत संध्या में सृजन मिश्रा और दल के भजन ने समा बाँध दिया।
श्रद्धालुओं ने कहा कि छठी मैया की कृपा से वर्षा भी हुई, जिसे शुभ संकेत माना गया।
सुबह सूर्य की पहली किरण के साथ जब अर्घ्य अर्पित हुआ, तो हर चेहरे पर भक्ति और संतोष की झलक थी। जिले में इस वर्ष का छठ पर्व अपने भव्य आयोजन, अनुशासन और सामूहिक भावना के कारण यादगार बन गया।
डॉ. अनूप मिश्रा ने कहा कि- छठ केवल पर्व नहीं, यह स्वच्छता, संयम और एकता का प्रतीक है।

सीधी विधायक ने जताया आभार
छठ महापर्व के सफल एवं सुरक्षित आयोजन के लिए सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक ने इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूजन में शामिल होने वाली समस्त महिलाओं एवं आम नागरिकों का आभार जताया है।
गोपालदास बांध पर आयोजित छठ महापर्व इस वर्ष श्रद्धा, भव्यता और जनसहभागिता का अद्भुत संगम बना, सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक ने शहर की महिलाओं के साथ सूर्य को अर्घ्य दिया, और परिवार एवं क्षेत्र की जनता के सुख समृद्धि की कामना की, आम जन मानस में उत्साह देखने लायक था।सीधी विधायक ने आयोजन की सफलता पर जिला प्रशासन, सहयोगी अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्रीय जनता का हृदय से धन्यवाद प्रेषित किया।
उन्होंने कहा कि ये पर्व हमारी संस्कृति की गहराई और सामाजिक एकजुटता का परिचायक है। प्रशासन की उत्कृष्ट व्यवस्थाएं, सुरक्षा, प्रकाश, सफाई और जनसुविधाओं सराहनीय रहीं।
हज़ारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति और जनसहयोग से यह आयोजन क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बना।
इसके साथ ही सीधी विधायक ने गोपालदास बाँध की सफाई के लिए प्रशासन को निर्देश भी दिए हैं।
जेपी निगरी प्लांट के टाउनशिप में हुई छठ पूजा
जेपी नगरी पावर प्लांट के टाउनशिप में भी छठ पूजन का कार्यक्रम हर्षोल्लास से मनाया गया। इसमें टाउनशिप के प्रवासियों के द्वारा बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया गया। कल मंगलवार की सुबह सूरज देवता को अर्ग देकर इस त्यौहार का समापन हुआ।













