जंगल न्यूज़:खेत में गाड़े गए बाघ के अवशेषों की दुर्गंध से खुला राज…

जंगल न्यूज़:खेत में गाड़े गए बाघ के अवशेषों की दुर्गंध से खुला राज…
संजय टाइगर रिजर्व में बरामद हुए बाघ के अवशेष…
टाइगर रिजर्व ने की त्वरित कार्रवाई, जांच तेज…
सीधी पोल खोल पोस्ट राजू
जिले का संजय टाइगर रिजर्व लगातार सुर्खियों में बना रहता है, यहां के टाइगर एवं अन्य वन्य जीवों के रोज रोचक और मनोरम दृश्य जहां पर्यटकों को अक्सर देखने को मिलते हैं। अभी बीते दिनों ही एक टाइगर और टाइग्रेस के बीच झड़प के भी नजारे पर्यटकों ने देखे थे। वहीं कल सोमवार को संजय टाइगर रिजर्व से एक बुरी खबर भी सामने आई है।
क्षेत्र संचालक संजय टाइगर रिजर्व ने जानकारी देकर बताया कि दिनांक 08 नवम्बर 25 को दोपहर में संजय टाइगर रिजर्व के व्यौहारी परिक्षेत्र के बोचरो गाँव में पुष्पेन्द्र पटेल के खेत से दुर्गंध आने की सूचना प्राप्त होने पर सहायक परिक्षेत्राधिकारी ब्यौहारी द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई।
सूचना के आधार पर परिक्षेत्राधिकारी ब्यौहारी, वनकर्मी दल एवं डॉग स्क्वाड के साथ स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खेत में दो गड्ढों से एक बोरी, बालों के गुच्छे तथा अन्य स्थानों से वन्यप्राणी के अंग बरामद किए गए। घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
बताया गया कि जप्ती स्थल संजय टाइगर रिजर्व एवं उत्तर शहडोल वनमंडल की सीमा पर स्थित है। प्राप्त वन्यप्राणी अवयवों का निरीक्षण डॉक्टरों के दल द्वारा राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के प्रोटोकॉल के अनुसार किया गया। अवशेषों से विसरा नमूने एकत्र कर अग्रिम फॉरेंसिक जांच हेतु भेजे जा रहे हैं। प्रारंभिक परीक्षण में बरामद अवयव बाघ के प्रतीत हो रहे हैं। बाघ की मृत्यु के वास्तविक स्थान का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
अपराधिक प्रकरण दर्ज
इस संबंध में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 468/01 दिनांक 8 नवंबर 2025 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है तथा कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुसार क्षेत्र संचालक अमित कुमार दुबे, एनटीसीए प्रतिनिधि कैलाश तिवारी एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में बाघ के अवशेषों को नियमानुसार जलाकर नष्ट किया गया।













