तेज रफ्तार बल्कर ने छीनी दो जिंदगियां,बल्कर की टक्कर से बाइक सवार महिला-पुरूष की मौत…

तेज रफ्तार बल्कर ने छीनी दो जिंदगियां,बल्कर की टक्कर से बाइक सवार महिला-पुरूष की मौत…
बहरी थाना के अमहा तिराहे में हुआ भीषण सड़क हादसा…
सीधी पोल खोल पोस्ट
जिले के बहरी थानांतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक- 39 में गोपद पुल के पहले एचपी पेट्रोल पम्प के समीप अमहा तिराहे में कल सोमवार दोपहर करीब 1:50 बजे तेज रफ्तार बल्कर ने सामने से आ रही एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
क्या थी घटना ?
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार महिला और पुरुष सीधी की ओर आ रहे थे, बल्कर सिंगरौली की ओर से आ रहा था। अमहा तिराहे के पास बल्कर क्रमांक एमपी- 19 एचए 5993 ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक मौके से भागने का प्रयास करने लगा किन्तु घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल डायल 112 और एम्बुलेंस को सूचना दी। पुलिस और एम्बुलेंस के मौके पर पहुंचने से पहले ही दोनों मृतकों की जान जा चुकी थी।
घटनास्थल पर मृतक पुरुष की जेब से मिले आधार कार्ड के अनुसार वो सिंगरौली जिले के ग्राम नौगई का निवासी महेन्द्र रावत पिता तेजई रावत उम्र 29 वर्ष एवं मृतक महिला संगीता पति रामचरण रजक उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम अकौर पुलिस चौकी सिहावल के रूप में हुई।
घटना की सूचना मिलते ही बहरी थाना प्रभारी राजेश पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद फरार हुए बल्कर चालक को पकड़ लिया गया है। वाहन चालक से पूछताछ जारी है। पुलिस मोबाइल नंबर और अन्य माध्यमों से मृतकों के परिजनों से संपर्क कर बुलाया गया एवं पोस्टमार्टम कार्यवाई के पश्चात शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।













