सिंगरौली में यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई, 55 से अधिक वाहनों पर जुर्माना

सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यातायात थाना पुलिस ने 55 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान शहर में बॉडी के बाहर सरिया और अन्य सामान ले जा रहे पिकअप, ऑटो और ट्रैक्टर वाहनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने शासन की सड़क सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया। इसमें राहगीर योजना, हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर योजना और कैशलेस इलाज योजना की जानकारी आमजन को दी गई। इसके लिए चौराहों, पेट्रोल पंपों, पार्कों और शासकीय कार्यालयों में बैनर और फ्लेक्स लगाए गए हैं।पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की है।













