देवसर में हादसा: ट्रक की चपेट में आए अधेड़ की मौके पर मौत, परिजनों ने हाईवे जाम किया

सिंगरौली। जिले के जियावन थाना अंतर्गत देवसर मुख्य बाजार में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे 39 पर ठेला व्यापारियों और दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण ट्रक की चपेट में आने से खड़ौरा निवासी रूद्र शंकर शुक्ला वैद्य की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद जियावन पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने गुस्से में हाईवे को करीब 2 घंटे तक जाम कर दिया। इसके बाद सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक द्वारा तीन दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने का मौखिक आश्वासन और एसडीएम द्वारा लिखित आश्वासन मिलने पर जाम हटाया गया।
जानकारी के अनुसार, देवसर में ठेला व्यापारियों और दुकानदारों द्वारा हाईवे पर अतिक्रमण के कारण वाहनों का आवागमन प्रभावित होता रहा है। इससे सड़क पर दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है और अक्सर जान-माल का नुकसान होता है।
स्थानीय लोग प्रशासन से अपेक्षा कर रहे हैं कि यह हादसा सबक बने और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मंगलवार को शुरू हुयी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, दुकानदारों को दी जा रही समझाईश
देवसर मुख्य बाजार में हाल ही हुए हादसे के बाद सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे 39 पर प्रशासन ने मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। ठेला व्यापारियों और दुकानदारों को हाईवे पर अतिक्रमण हटाने और वाहन आवागमन में बाधा न डालने के लिए समझाईश दी जा रही है।प्रशासन का कहना है कि हाईवे पर अतिक्रमण की समस्या से गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है, इसलिए सभी दुकानदारों और व्यापारियों से सहयोग की अपील की जा रही है। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस और राजस्व अधिकारियों की निगरानी में यह अभियान चलाया जा रहा है।














