सिंगरौली में दर्दनाक हादसा: ब्रेक फेल होने से पिकअप खाई में गिरी, 4 मजदूरों की मौत, 4 गंभीर घायल

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गांव झरकटा के पास पहाड़ी इलाके में मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में 4 मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ड्राइवर समेत 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन उत्तर प्रदेश से धान और मजदूरों को लेकर घर छोड़ने आ रहा था। सोमवार रात करीब 8 बजे झरकटा पहाड़ पर चढ़ाई के दौरान वाहन का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वह बेकाबू होकर पलटते हुए खाई में जा गिरा।
चितरंगी एसडीओपी राहुल सिंह सैयाम ने बताया कि हादसे में शीलू (32), अमरपाल बैगा (36), लाल कुमार (35) और सूरज लाल बैगा (31) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं संतोष कुमार, अमरेश कुमार, नन्हकू केवट और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घायलों को पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मनोज सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य कराया।
बताया गया है कि मृतकों में से तीन मजदूर बगडेवा गांव के निवासी थे, जबकि एक मृतक सीमावर्ती सोनभद्र जिले के जुगैल का रहने वाला था। इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।













