राज्य मंत्री राधा सिंह ने कसर में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया लोकार्पण

सिंगरौली। जिले के चितरंगी विकासखंड अंतर्गत ग्राम कसर में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण बुधवार को राज्य मंत्री राधा सिंह ने विधिवत फीता काटकर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग का अमला और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री राधा सिंह ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में मजबूत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्राम कसर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ से आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर, सुलभ और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। अब ग्रामीणों को छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज और प्राथमिक जांच के लिए दूर के अस्पतालों की ओर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि इस स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी कक्ष, जांच कक्ष, दवा वितरण काउंटर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इससे गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और सामान्य मरीजों को प्राथमिक स्तर पर ही उपचार उपलब्ध होगा। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक भी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए।लोकार्पण समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी स्वास्थ्य केंद्र के महत्व पर प्रकाश डाला। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताते हुए खुशी जाहिर की।

उनका कहना था कि अब आपात स्थिति में इलाज के लिए समय और खर्च दोनों की बचत होगी।कार्यक्रम के अंत में राज्य मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से डॉक्टर और स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।













