मध्य प्रदेशसिंगरौली

मोरवा के बायोफ्यूल प्लांट में लगी भीषण आग, भारी नुकसान की आशंका

सिंगरौली- सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र स्थित पड़ताली गांव में मंगलवार दोपहर को एक बायोफ्यूल प्लांट में भीषण आग लग गई। आग बुझाने के लिए छह दमकल वाहनों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन प्लांट में रखे कच्चे माल को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।सूत्रों के अनुसार, आग की शुरुआत प्लांट परिसर में खुले में रखे पुआल से हुई। तेज हवा और सूखे पुआल के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते प्लांट के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

 

दोपहर करीब 2 बजे आग लगने के बाद, प्लांट कर्मचारियों ने पहले खुद आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
यह प्लांट मोरवा निवासी सुरेंद्र जैन द्वारा संचालित आरएजे बायोफ्यूल प्लांट है, जहां पुआल, धान का भूसा और अन्य कृषि अवशेषों से बायोफ्यूल तैयार किया जाता है, जिसकी आपूर्ति एनटीपीसी को की जाती है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मोरवा थाना पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर मोरवा नगर निगम की दमकल गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन आग पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता महसूस हुई। इसके बाद एनसीएल झिंगुरदा और सीडब्ल्यूएस जयंत से भी दमकल वाहन बुलाए गए।

 

आग बुझाने के लिए प्लांट के टीनशेड को काटकर भीतर पानी डाला गया। देर शाम तक लगभग छह दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि, इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन प्लांट में रखे पुआल, धान के भूसे और अन्य कच्चे माल के भारी नुकसान की आशंका है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button