सिंगरौली के युवाओं से छलावा करने का आरोप, विधायक रामनिवास शाह पर राजेश सोनी का हमला
आम आदमी पार्टी ने विधायक से वादों पर खरा उतरने की मांग की, अन्यथा धरने की दी चेतावनी

सिंगरौली- आम आदमी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश सोनी ने सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विधायक शाह ने चुनाव के समय युवाओं से एक परिवार में एक नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन अब चुनाव जीतने के बाद अपने वादों से मुकर गए हैं।सोनी ने कहा, चुनाव से पहले सिंगरौली विधायक ने एक वीडियो वायरल कर सिंगरौली के युवाओं को एक परिवार में एक नौकरी देने का वादा किया था। इसके बाद युवाओं ने उन पर विश्वास करते हुए उन्हें वोट दिया, लेकिन अब जब वे विधायक बन चुके हैं, तो उन्होंने अपने वादों को पूरी तरह से नजरअंदाज किया।
राजेश सोनी ने आगे कहा, सिंगरौली में कई कंपनियां संचालित हो रही हैं, फिर भी सिंगरौली के युवा आज भी रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं। एक परिवार में एक नौकरी तो दूर की बात, एक गांव में भी किसी युवा को रोजगार नहीं मिल पा रहा है।आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने सत्ता में रहते हुए भी जिले के युवाओं के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। भाजपा सरकार के तहत काम करने के बावजूद, जिले के युवाओं को नौकरी नहीं मिल पा रही है, जो कि काफी शर्मनाक है।सोनी ने यह भी कहा कि सिंगरौली जिले में संचालित कंपनियों के कारण सड़क दुर्घटनाएं और प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, लेकिन सत्ता में बैठे लोग इन मुद्दों से मुँह मोड़े हुए हैं और अपने निजी स्वार्थ में लीन हैं।
आम आदमी पार्टी ने सिंगरौली विधायक से मांग की है कि वे अपने वादों पर खरा उतरें और सिंगरौली के प्रत्येक परिवार के सदस्य को नौकरी दिलवाएं। यदि ऐसा नहीं हुआ, तो पार्टी सिंगरौली के युवाओं के साथ मिलकर विधायक के बंगले के सामने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने का ऐलान करेगी।













