बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जिला ट्रॉमा सेंटर की बदहाल व्यवस्था पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

प्रवीण सिंह चौहान बोले— स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर जनता के साथ हो रही लूट

सिंगरौली। जिला ट्रॉमा सेंटर की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस नेता प्रवीण सिंह चौहान ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत बेहद चिंताजनक है।


प्रवीण सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि जिला ट्रॉमा सेंटर में अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। अधिकांश बेड पर बेडशीट तक उपलब्ध नहीं हैं। वार्डों में 10 से 15 बेड के बीच केवल एक कुलर लगाया गया है, जो कई बार खराब हालत में रहता है। कई कमरों में एसी लगे होने के बावजूद बंद पड़े हैं, जिससे भीषण गर्मी में मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचते हैं, लेकिन वहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। मरीजों के परिजन ऊपरी मंजिलों पर तपती गर्मी में समय बिताने को मजबूर हैं।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि ट्रॉमा सेंटर में लाखों-करोड़ों रुपये की मशीनें धूल खा रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इन मशीनों का संचालन नहीं होना था तो इन्हें क्यों खरीदा गया। उन्होंने इसे कमीशनखोरी से जोड़ते हुए मामले की जांच की मांग की।

प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि जिले में सीएसआर और डीएमएफ फंड पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने के बावजूद स्वास्थ्य सुविधाएं निम्न स्तर की बनी हुई हैं। उनका कहना है कि ट्रॉमा सेंटर को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाया जा सकता था, लेकिन भ्रष्टाचार के कारण व्यवस्थाएं बदहाल हैं।उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अस्पतालों का निरीक्षण केवल औपचारिकता बनकर रह गया है और वास्तविक समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button