बीसीसीआई की एपेक्स काउंसिल बैठक अहम, सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में हो सकते हैं बदलाव

नई दिल्ली।भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की आगामी एपेक्स काउंसिल की बैठक भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट को लेकर काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। चयन समिति द्वारा तैयार किए गए प्रस्तावों पर इस बैठक में चर्चा होने की संभावना है, जिनके आधार पर कॉन्ट्रैक्ट प्रणाली में बदलाव किए जा सकते हैं।
वर्तमान में खिलाड़ियों को ए+, ए, बी और सी ग्रेड में रखा गया है और इन्हीं के अनुसार उन्हें वार्षिक रिटेनर राशि दी जाती है। सूत्रों के मुताबिक, शीर्ष ए+ ग्रेड को लेकर पुनर्विचार किया जा सकता है। बदलते क्रिकेट कैलेंडर और खिलाड़ियों की फॉर्मेट प्राथमिकताओं को देखते हुए ग्रेडिंग प्रणाली को अधिक प्रदर्शन और उपलब्धता से जोड़ने पर विचार हो रहा है।
फिलहाल ए+ ग्रेड में रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा शामिल हैं। कुछ सीनियर खिलाड़ी अब सीमित प्रारूप ही खेल रहे हैं, ऐसे में उनके कॉन्ट्रैक्ट ग्रेड में बदलाव की चर्चा भी है। यदि नई व्यवस्था लागू होती है, तो इससे खिलाड़ियों की सालाना आय पर भी असर पड़ सकता है।
बीसीसीआई द्वारा जारी 2024-25 सत्र की कॉन्ट्रैक्ट सूची में ग्रेड ए, बी और सी में कई सीनियर और युवा खिलाड़ियों को शामिल किया गया था। अब एपेक्स काउंसिल की बैठक में यह तय होगा कि भविष्य में सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम किस दिशा में आगे बढ़ेगा और इसे कैसे अधिक संतुलित बनाया जाएगा।
इस अहम बैठक के फैसलों पर पूरे क्रिकेट जगत की नजरें टिकी हुई हैं।












