गोभा चौकी पुलिस ने 8 वर्षीय बालिका को 12 घंटे में किया सकुशल दस्तयाब

सिंगरौली। चौकी गोभा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 वर्षीय नाबालिग बालिका को मात्र 12 घंटे के भीतर दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस तत्परता से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 जनवरी 2026 को ग्राम गोभा निवासी एक महिला ने चौकी गोभा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 8 वर्षीय पुत्री स्कूल की छुट्टी के बाद घर वापस नहीं लौटी है। परिजनों को आशंका थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 71/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री पी.एस. परस्ते की निगरानी में थाना प्रभारी वैढ़न श्री अशोक सिंह परिहार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान चलाया और तकनीकी व स्थानीय सूचनाओं के आधार पर 23 जनवरी 2026 को नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया।
दस्तयाबी के बाद बालिका की आवश्यक पूछताछ एवं औपचारिकताएं पूरी कर उसे सुरक्षित रूप से परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस सराहनीय कार्य में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक नीरज सिंह चौहान सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













