श्रीनगर में 4.8 तीव्रता का भूकंप, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

श्रीनगर। कश्मीर घाटी में सोमवार, 2 फरवरी की सुबह मध्यम तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.8 मापी गई। आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार भूकंप सुबह 5.35 बजे आया, जिसका केंद्र बडगाम जिला था। यह इलाका राजधानी श्रीनगर से लगभग 21 किलोमीटर उत्तर में स्थित है।
भूकंप के झटकों से घाटी के कई इलाकों में खिड़कियां और दरवाजे हिलने लगे, जिससे लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन संभावित नुकसान का आकलन कर रहा है।
भूकंप के झटकों ने लोगों को 8 अक्टूबर 2005 के विनाशकारी भूकंप की याद दिला दी, जिसकी तीव्रता 7.6 थी और जिसका केंद्र पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के मुजफ्फराबाद में था। उस भूकंप में 80 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई थी।
विशेषज्ञों के अनुसार कश्मीर घाटी और लद्दाख का जांस्कर क्षेत्र भूकंप संभावित जोन में आता है, जहां अतीत में भी कई बार भूकंप आ चुके हैं।













