शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय चितरंगी में विदाई समारोह एवं ‘परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम संपन्न

सिंगरौली। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय चितरंगी में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह एवं ‘परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं के साथ अतिथि के रूप में एसडीएम चितरंगी सौरव मिश्रा एवं पटवारी रमाशंकर बैस उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने कक्षा 12वीं के छात्रों का स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
‘परीक्षा पे चर्चा सत्र में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान तनाव से दूर रहने, समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण है, जिसे आत्मविश्वास और परिश्रम से सफलतापूर्वक पार किया जा सकता है।
विदाई समारोह के दौरान कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय जीवन की स्मृतियों को साझा किया और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा सामूहिक फोटो सत्र के साथ आयोजन का समापन हुआ। सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।













