मध्य प्रदेशसिंगरौली

चितरंगी में विद्यालय के सामने से हटाया गया वर्षों पुराना अतिक्रमण, यातायात हुआ सुचारू

सिंगरौली; जिले के चितरंगी क्षेत्र में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सामने से वर्षों पुराना अतिक्रमण हटाया गया। तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। अतिक्रमण हटने के बाद चिटरंगी बाजार की मुख्य सड़क पर यातायात सुचारू हो गया, जिससे स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिली है।

जानकारी के अनुसार, बाजार क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर स्थानीय व्यापारियों द्वारा अस्थायी दुकानें, ठेले और शेड लगाकर अतिक्रमण कर लिया गया था। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई थी और दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी। खासकर स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत की थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करवाई। कार्रवाई से पहले प्रशासनिक टीम ने व्यापारियों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए समझाइश भी दी थी। इसके बाद नियमानुसार अवैध निर्माण, ठेले और शेड हटाए गए।

अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा – तहसीलदार
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब उन्हें रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिली है। तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी नियमित निरीक्षण कर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो सके।

Author

Related Articles

Back to top button