कांग्रेस बेरोजगार प्रकोष्ठ में बड़ा फेरबदल, सिंगरौली शहर की कमान मुकेश शर्मा को
48 जिलाध्यक्षों की घोषणा, स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह; बेरोजगारों के मुद्दों को उठाने का भरोसा

सिंगरौली।प्रदेश कांग्रेस द्वारा बेरोजगार प्रकोष्ठ के 48 नए जिलाध्यक्षों की घोषणा के बाद सिंगरौली में भी संगठन को नई दिशा मिली है। पार्टी नेतृत्व ने तेलाई निवासी और पूर्व कांग्रेस ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष रहे मुकेश शर्मा को सिंगरौली शहर बेरोजगार प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और बेरोजगार प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष नेहा पालीवाल के नेतृत्व में की गई है, जिसमें जिला प्रभारी कविता पांडे और शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान की अनुशंसा शामिल रही।
मुकेश शर्मा की नियुक्ति के बाद सिंगरौली कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। स्थानीय नेताओं और पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में बेरोजगारों और युवाओं की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा। कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह फैसला संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करेगा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सिंगरौली में बेरोजगारी एक बड़ा मुद्दा है और वे इसे प्राथमिकता के साथ उठाएंगे। साथ ही उन्होंने विभिन्न कंपनियों और विभागों में व्याप्त अनियमितताओं के खिलाफ आवाज बुलंद करने की बात कही।
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि वे बेरोजगार युवाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे और उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगे।













