मध्य प्रदेशसिंगरौली

शराब दुकानों पर मनमानी के आरोप, बिना रेट सूची महंगे दामों पर बिक्री

महुआगांव में ग्रामीणों का आरोप—प्रिंट रेट से अधिक वसूली, आबकारी विभाग पर उठे सवाल

सिंगरौली।जिले में संचालित देशी-विदेशी शराब दुकानों पर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। देवसर क्षेत्र के महुआगांव स्थित शराब दुकान में बिना रेट सूची लगाए निर्धारित मूल्य से अधिक दामों पर शराब बेचने का मामला चर्चा में है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा खुलेआम नियमों की अनदेखी की जा रही है, जबकि जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकान पर देशी सफेद पौवा 100 रुपये में बेचा जा रहा है, जबकि अन्य शराब और बीयर भी प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर दी जा रही है। सूत्रों की मानें तो प्रति बोतल 25 से 40 रुपये तक अतिरिक्त वसूली की जा रही है। इस कारण कई बार ग्राहकों और दुकानदारों के बीच विवाद की स्थिति भी बनती है।

ग्रामीणों का कहना है कि शराब दुकानों पर रेट सूची का प्रदर्शन अनिवार्य है, लेकिन यहां इसका पालन नहीं किया जा रहा। इससे उपभोक्ताओं का शोषण हो रहा है और शासन के नियमों की खुलेआम अवहेलना की जा रही है।

मामले पर आबकारी अधिकारी श्वेता सिंह ने कहा कि रेट सूची आने में थोड़ा समय लगता है, हालांकि यदि अधिक मूल्य पर बिक्री की शिकायत सही पाई जाती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि विभाग इस पर कितनी गंभीरता से कदम उठाता है।

Author

Related Articles

Back to top button