शासकीय पटवारी भवन में चोरी की कोशिश, CCTV कैमरा तोड़कर फरार हुआ चोर
आधी रात घटना से इलाके में दहशत, बच्चे के जागने से टली बड़ी वारदात

सिंगरौली।जिले के निवास क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला पुलिस चौकी निवास क्षेत्र के शासकीय पटवारी भवन का है, जहां अज्ञात चोर ने आधी रात को CCTV कैमरा तोड़कर चोरी की कोशिश की। हालांकि घर में बच्चे के जाग जाने से चोर अपनी योजना में सफल नहीं हो सका और मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, पटवारी प्रियंका रघुवंशी अपने परिवार के साथ उक्त शासकीय भवन में निवास करती हैं। उन्होंने 28 अप्रैल 2026 को पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। सुबह जब वे घर के पीछे के हिस्से में गईं, तो पाया कि एक CCTV कैमरा गायब है और वहां तार टूटे पड़े हैं।
फुटेज की जांच में सामने आया कि रात करीब 1:36 बजे एक अज्ञात व्यक्ति लकड़ी की सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़ा और पीछे से कैमरा तोड़ दिया। इसी दौरान घर में सो रहा बच्चा जागकर रोने लगा, जिससे घबराकर चोर मौके से भाग निकला।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि शासकीय आवास में पर्याप्त रोशनी और कैमरों के बावजूद चोरी की कोशिश हुई।












