स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नही नगर निगम आयुक्त
रात्रि भ्रमण में नवानगर, अमलोरी एवं जयंत की साफ सफाई व्यवस्थाओं का आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण

सिंगरौली-नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान द्वारा रात्रिकालीन भ्रमण के दौरान नवानगर, अमलोरी तथा जयंत क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था की जमीनी हकीकत का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आयुक्त सविता प्रधान ने स्वच्छता कार्यों में पाई गई कमियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा कि “स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 को ध्यान में रखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।उन्होंने निर्देशित किया कि कचरा संग्रहण, नियमित सफाई एवं डोर-टू-डोर कलेक्शन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, साथ ही प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
भ्रमण के दौरान आयुक्त द्वारा सुलभ शौचालयों का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने शौचालयों की साफ-सफाई, पानी की उपलब्धता एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने नावानगर में संचालित सुलभ शौचालय में कमियां मिलने पर केयर टेकर को हटाने के निर्देश दिए।
आयुक्त श्रीमती प्रधान ने नागरिकों से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें, जिससे स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके।इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।













