महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुईं तमन्ना भाटिया, बोलीं- यहां की ऊर्जा अद्भुत

उज्जैन। बॉलीवुड अभिनेत्री तमन्ना भाटिया मंगलवार सुबह धर्मनगरी उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने बाबा महाकाल की भोर की प्रसिद्ध भस्म आरती में हिस्सा लिया। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया और अभिनेत्री भी आध्यात्मिक अनुभव से अभिभूत दिखाई दीं।
जानकारी के अनुसार, तमन्ना भाटिया सुबह करीब 3 बजे मंदिर पहुंचीं और नंदी हॉल में बैठकर पूरी श्रद्धा के साथ भस्म आरती में शामिल हुईं। माथे पर चंदन लगाए अभिनेत्री करीब दो घंटे तक बाबा महाकाल की आराधना में लीन रहीं। आरती के बाद उन्होंने नंदी जी की पूजा-अभिषेक किया तथा चांदी द्वार से भगवान महाकाल को जल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मीडिया से चर्चा करते हुए तमन्ना भाटिया ने कहा, “जय श्री महाकाल। यहां आकर बेहद अच्छा लग रहा है। बाबा के बुलावे के बिना कोई यहां नहीं आ सकता। भस्म आरती में शामिल होना मेरे लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। यहां की सकारात्मक ऊर्जा को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।”
महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से इंजीनियर शिवकांत पांडे ने अभिनेत्री का स्वागत एवं सम्मान किया। उल्लेखनीय है कि बाबा महाकाल के दरबार में प्रतिदिन देश-विदेश की कई नामचीन हस्तियां दर्शन के लिए पहुंचती हैं। हाल ही में अभिनेता अर्जुन रामपाल भी बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंचे थे।













