सीधी
जब खाद वितरण केंद्र पहुंचे पूर्व मंत्री,महीनों से खाद की समस्या को लेकर संघर्षरत किसानों से की बात…

जब खाद वितरण केंद्र पहुंचे पूर्व मंत्री,महीनों से खाद की समस्या को लेकर संघर्षरत किसानों से की बात..
सीधी
कल शनिवार को मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलेश्वर पटेल ने अमिलिया सोसाइटी में जाकर किसानों से मिलकर उनकी समस्या जानी और सरकारी अधिकारियों से चर्चा कर तुरंत खाद उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं और पूरी कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है।
सीधी जिला मुख्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेता कमलेश्वर पटेल ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज हमारे किसान भाई पिछले एक महीने से खाद के लिए सड़कों पर लंबी कतारों में खड़े होकर संघर्ष कर रहे हैं। वे 24-24 घंटे भूखे-प्यासे केवल खाद की उम्मीद में लाइन में लगे रहते हैं, लेकिन सरकार न तो खाद उपलब्ध करवा पा रही है और न ही किसानों के लिए पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएँ सुनिश्चित कर पा रही है। ऊपर से, सरकारी अधिकारियों की उदासीनता यह स्पष्ट करती है कि इस सरकार को किसानों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। 8 करोड़ प्रदेशवासियों का पेट भरने वाले अन्नदाता के साथ यह सरकार लगातार उपेक्षा और अत्याचार कर रही है। पूरे प्रदेश में खाद को लेकर लोग काफ़ी परेशान हैं। घंटों तक लाइन में लगने के बाद भी हमारे किसान भाइयों को खाद नहीं मिल रही है।
श्री पटेल ने कहा कि मैं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से आग्रह करता हूँ कि कृपया हमारे किसान भाइयों को तत्काल खाद उपलब्ध कराएँ और उनकी फसलों को बर्बाद होने से बचाएँ।













