“थ्री आर ऑन व्हील” से बदलेगी कचरा प्रबंधन की तस्वीर, जरूरतमंदों तक पहुंच रही उपयोगी सामग्री

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में नगर निगम की “थ्री आर ऑन व्हील” पहल स्वच्छता और सामाजिक सेवा का नया उदाहरण बनकर उभर रही है। Jabalpur Municipal Corporation द्वारा शुरू किए गए इस अभियान के तहत अब घरों में अनुपयोगी पड़े कपड़े, जूते, किताबें, खिलौने और अन्य उपयोगी वस्तुएं कचरे में जाने के बजाय जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं।
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में शुरू हुई यह पहल शहरवासियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। “थ्री आर ऑन व्हील” मोबाइल वाहन शहर के विभिन्न वार्डों और कॉलोनियों में पहुंचकर लोगों से सीधे उपयोग योग्य सामग्री एकत्र कर रहा है।
नगर निगम के अनुसार अभियान का उद्देश्य कचरे की मात्रा कम करने के साथ उपयोगी वस्तुओं का पुनः उपयोग बढ़ाना है, ताकि लैंडफिल पर दबाव घटे और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले। एकत्रित सामग्री को शहर के 13 प्रमुख थ्री आर केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है, जिनमें ग्वारीघाट, सिविक सेंटर, घंटाघर, रांझी, त्रिपुरी और कांचघर सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं। यहां जरूरतमंद परिवार सम्मानपूर्वक अपनी आवश्यकता के अनुसार सामग्री प्राप्त कर रहे हैं।
नगर निगम प्रशासन “बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ” संदेश के जरिए नागरिकों को इस अभियान से जोड़ रहा है। शहर के कई परिवार स्वेच्छा से अतिरिक्त सामान दान कर रहे हैं। अभियान के सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगे हैं। एक ओर शहर में कचरे की मात्रा कम हो रही है, वहीं दूसरी ओर गरीब परिवारों को आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध हो रही हैं।
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि यह पहल स्वच्छता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी मजबूत कर रही है। वहीं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने कहा कि आधुनिक कचरा प्रबंधन केवल तकनीकी व्यवस्था नहीं, बल्कि सामाजिक सोच और नागरिक सहभागिता से जुड़ा विषय है।
नगर निगम का कहना है कि आने वाले समय में जरूरत के अनुसार थ्री आर केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी तथा जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम का हिस्सा बन सकें।













