भूमि अधिग्रहण को लेकर फिर गरमाई सियासत, अभ्युदय सिंह डैनी ने उठाए सवाल

सिंगरौली। जिले में कोयला परियोजनाओं और भूमि अधिग्रहण को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। कांग्रेस के वन एवं पर्यावरण प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव अभ्युदय सिंह डैनी ने सार्वजनिक अपील जारी कर भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
डैनी ने आरोप लगाया कि Northern Coalfields Limited के माध्यम से चल रही भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में प्रभावित परिवारों की उपेक्षा की जा रही है और कई निर्णय मनमाने तरीके से लिए जा रहे हैं। उन्होंने “Ipsedixitism” शब्द का उल्लेख करते हुए कहा कि कई फैसले “जो हम कहें वही सही” की मानसिकता से लागू किए जा रहे हैं।
उन्होंने विस्थापित एवं प्रभावित परिवारों से जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि लोग बिना जानकारी किसी भी निर्णय को स्वीकार न करें, बल्कि अपने अधिकार, उचित मुआवजा, पुनर्वास और कानूनी प्रक्रियाओं को लेकर सवाल पूछें। डैनी ने यह भी कहा कि विकास के नाम पर प्रभावित लोगों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने नागरिकों से अपने सोशल मीडिया पर साझा खुले पत्र को पढ़ने और जागरूकता फैलाने की अपील की। सिंगरौली लंबे समय से ऊर्जा राजधानी के रूप में पहचाना जाता रहा है, लेकिन विस्थापन, प्रदूषण और पुनर्वास जैसे मुद्दे लगातार चर्चा में रहे हैं। ऐसे में डैनी की यह अपील क्षेत्र में विकास और जनअधिकारों के बीच संतुलन को लेकर नई बहस छेड़ रही है।













