देवसर विधानसभा में बदहाल सड़क बनी मुसीबत, दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा

सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र में सरई–गजरा–बहरा मुख्य सड़क की दुर्दशा स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत न होने के कारण जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि ठंड के मौसम में भी जगह-जगह पानी भर जाता है। पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिसके कारण छोटे-बड़े वाहन चालक लगातार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। सड़क पर फिसलन और गड्ढों की वजह से दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक सड़क निर्माण या मरम्मत का कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो यहां दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ सकता है।
स्थानीय निवासी सरकार और प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि सरई–गजरा–बहरा मुख्य सड़क का तुरंत निर्माण या मरम्मत कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।













