मप्र राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस की मीनाक्षी नटराजन ने भरा नामांकन, भाजपा ने भी झोंकी ताकत

भोपाल। मध्यप्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट के लिए राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने सोमवार को विधानसभा परिसर में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कांग्रेस के कई विधायक मौजूद रहे।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान जीतू पटवारी स्वयं विधायकों को रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष तक लेकर पहुंचे। नामांकन दाखिल करने के बाद मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि वर्तमान समय में विचारधाराओं की लड़ाई है और कांग्रेस एकजुट होकर इस मुकाबले को लड़ेगी तथा जीत हासिल करेगी।
हालांकि, कांग्रेस के लिए एक झटका भी सामने आया है। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से दो बार चुनाव लड़ चुके कांग्रेस नेता नरेश ज्ञानचंदानी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि वे मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने से नाराज हैं।
वहीं भाजपा भी राज्यसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। पार्टी मुख्यालय में भाजपा विधायकों का जमावड़ा शुरू हो गया है। वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा के पास अतिरिक्त वोट हैं, इसलिए पार्टी ने तीसरे उम्मीदवार को मैदान में उतारा है। उन्होंने दावा किया कि जो लोग विकास की राजनीति में विश्वास रखते हैं, वे भाजपा उम्मीदवार का समर्थन करेंगे।
भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी महेश केवट ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है और उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।
गौरतलब है कि भाजपा उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल पहले ही शनिवार को अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं। इस बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भाजपा विधायक दल की बैठक में सभी विधायकों को 8 जून तक भोपाल में ही रहने के निर्देश दिए हैं, जिससे राज्यसभा चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों की सक्रियता और रणनीतिक तैयारियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं।













