मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्वच्छता सेवा पखवाड़े के संबंध में दिए निर्देश…

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्वच्छता सेवा पखवाड़े के संबंध में दिए निर्देश…
संजय सिंह मझौली
मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को स्वच्छता सेवा पखवाड़ा (17 सितम्बर से 2 अक्टूबर) के सफल आयोजन हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कलेक्टर निर्धारित गतिविधियों का कैलेंडर बनाकर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों और आमजन की भागीदारी से कार्यक्रम आयोजित करें।

पखवाड़े के अंतर्गत 25 सितम्बर को सार्वजनिक स्थलों एवं जल स्रोतों पर सामूहिक स्वच्छता अभियान चलेगा। स्वास्थ्य विभाग निरूशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाएगा, जिनमें गर्भवती महिलाओं और अन्य महिलाओं की जाँच की जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग पोषण व स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी कार्यक्रम चलाएगा।
जनजातीय कार्य विभाग आदि कर्मयोगी अभियान का संचालन करेगा, जबकि संस्कृति विभाग राज्य से लेकर जिला स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगा। इस अवधि में रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण और डिजिटल साक्षरता से जुड़े अभियान भी होंगे।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि दशहरे पर प्रतिमाओं के विसर्जन में पर्यावरण को हानि पहुँचाने वाले पदार्थों का उपयोग न हो, इसके लिए जनजागरूकता बढ़ाई जाए। साथ ही स्ट्रीट वेंडर योजना के पात्रों को लाभान्वित कर डिजिटल पेमेंट को प्रोत्साहित किया जाए।
वीडियो कांफ्रेंसिंग में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंशुमन राज, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, उपखंड अधिकारी मझौली आरपी त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।













