इस रिपोर्ट के आंकड़े चौंकाने वाले यहां तेल से महंगा है पानी,

पोल खोल पोस्ट
यह सुनने में अजीब लग सकता है कि पानी तेल से महंगा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार की मौजूदा स्थितियां यही तस्वीर पेश कर रही हैं।
दरअसल, कच्चे तेल (क्रूड ऑइलl) की कीमतें पिछले कुछ महीनों से लगातार गिर रही हैं और अब यह एक लीटर बोतलबंद पानी से भी सस्ता साबित हो रहा है।
भारत में आमतौर पर एक लीटर सीलबंद पानी 20 रुपये के आसपास बिकता है। रेलवे स्टेशनों पर मिलने वाला ‘रेल नीर’ 14 रुपये प्रति लीटर तक उपलब्ध है, जबकि प्रीमियम ब्रांड जैसे ‘हिमालयन’ की कीमत 70 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच जाती है। पानी की कीमत ब्रांडिंग और पैकेजिंग पर निर्भर करती है।
इसके उलट अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की मौजूदा कीमत 65 डॉलर प्रति बैरल से भी कम है। एक बैरल (159 लीटर) कच्चे तेल की कीमत भारत में लगभग 5,500–5,800 रुपये बैठती है। यानी एक लीटर कच्चे तेल की औसत कीमत 36 से 38 रुपये के आसपास है। ध्यान रहे कि यह कीमत केवल कच्चे तेल की है, इसमें रिफाइनिंग, टैक्स और ट्रांसपोर्टेशन जैसे खर्च शामिल नहीं होते।
सीधे शब्दों में कहें तो उपभोक्ता स्तर पर मिलने वाला पेट्रोल इससे कहीं ज्यादा महंगा होता है। उदाहरण के तौर पर, दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
हालांकि, अगर दुनिया के कुछ देशों पर नजर डालें तो तस्वीर पूरी तरह बदल जाती है। तेल के विशाल भंडार वाले वेनेजुएला में पेट्रोल केवल 3 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। लीबिया में पेट्रोल की कीमत दुनिया में सबसे कम है, जहां यह केवल 2.43 रुपये प्रति लीटर है। ईरान में भी पेट्रोल 2.52 रुपये लीटर के हिसाब से मिल रहा है। यानी इन देशों में 20 रुपये में करीब 8 लीटर पेट्रोल खरीदा जा सकता है।
इस प्रकार भारत में मिलने वाली पानी की एक लीटर बॉटल की कीमत पर आठ लीटर पेट्रोल आ जाता है। इस तुलना से साफ है कि कई देशों में पीने का पानी पेट्रोल से महंगा है। हालांकि भारत में पेट्रोल पर टैक्स और अन्य शुल्कों के कारण कीमतें ऊंची रहती हैं, वहीं पानी की कीमत पूरी तरह ब्रांड और बाजार की मांग पर निर्भर करती है।
यह रिपोर्ट न केवल तेल और पानी की कीमतों का दिलचस्प अंतर उजागर कर रही है, बल्कि यह भी दिखाती है कि प्राकृतिक संसाधनों के दोहन, उत्पादन और वितरण के आधार पर रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं का मूल्यांकन कैसे अलग-अलग देशों में हैरान कर देने वाली तस्वीर पेश कर सकता है।













