बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

गोपला स्कूल में एसडीएम व तहसीलदार का औचक निरीक्षण, बच्चों को पढ़ाया पाठ

सिंगरौली- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोपला में एसडीएम देवेंद्र द्विवेदी एवं तहसीलदार नागेश्वर प्रसाद पनिका और रमाशंकर पटवारी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत स्थिति का जायजा लेने के साथ ही विद्यार्थियों से संवाद किया और स्वयं कक्षा में पहुंचकर बच्चों को पढ़ाया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सवाल-जवाब करते हुए उनकी शैक्षणिक समझ एवं पढ़ाई की स्थिति जानी। इस दौरान शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बच्चों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यार्थियों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित कक्षाएं संचालित करने एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कुछ कक्षाओं में टेबल-कुर्सियों की व्यवस्था नहीं होने की स्थिति सामने आई। इस पर एसडीएम देवेंद्र द्विवेदी ने तत्काल ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को फोन कर जानकारी ली और पूछा कि अभी तक व्यवस्था क्यों नहीं की गई तथा इसकी जानकारी समय पर क्यों नहीं दी गई। उन्होंने तत्काल आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए।

बच्चों को पढ़ाकर दिया शिक्षा के प्रति गंभीरता का संदेश

औचक निरीक्षण के दौरान एसडीएम एवं तहसीलदार द्वारा स्वयं विद्यार्थियों को पढ़ाना निरीक्षण का विशेष आकर्षण रहा। अधिकारियों के इस प्रयास से विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने कहा कि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के सख्त तेवर और मौके पर दिए गए निर्देशों से विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश गया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button