रैपिडो बाइक बुक की, पहुंची कार; चालक ने बैठने का बनाया दबाव

नोएडा। देर रात रैपिडो बाइक बुक करने वाली एक महिला के साथ अजीब स्थिति सामने आई। महिला का आरोप है कि उसने रात करीब 11 बजे बाइक की सवारी बुक की थी, लेकिन मौके पर बाइक की जगह कार पहुंच गई। कार चालक ने खुद को रैपिडो चालक बताया और महिला को कार में बैठने के लिए कहा, जिससे वह घबरा गई।
महिला मोनी शांडिल्य के अनुसार, उन्होंने सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन से घर जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। ऐप पर हीरो स्प्लेंडर बाइक और चालक का नाम दिखाई दे रहा था, लेकिन कुछ देर बाद वहां मारुति रिट्ज कार पहुंची। चालक की तस्वीर भी ऐप पर दिखाई गई फोटो से मेल नहीं खा रही थी।
महिला ने कार में बैठने से इनकार किया तो चालक ने कथित तौर पर कई बार दबाव बनाया। असुरक्षित महसूस होने पर महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद चालक वहां से चला गया। महिला का आरोप है कि चालक ने कुछ दूरी तक उसका पीछा भी किया।
घटना के बाद रैपिडो ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित चालक के खाते पर कार्रवाई करने की जानकारी दी है। घटना ने ऑनलाइन कैब-बाइक सेवाओं में चालक और वाहन की पहचान की पुष्टि को लेकर सुरक्षा सवाल खड़े कर दिए हैं।













