सीईओ जिला पंचायत ने की 255 आवेदकों की जनसुनवाई

सिंगरौली/ जिले के विभिन्न अंचलों से आए नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जगदीश गोमे ने 255 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कराया गया। जनसुनवाई के दौरान अधिकांश आवेदन विद्युत व्यवस्था से संबंधित रहे। सीईओ जिला पंचायत ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करते हुए जिले में विद्युत व्यवस्था में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और प्राप्त शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई की जाए।
जन सुनवाई में कुछ कुछ आवेदकों द्वारा विस्थापन संबंधी समस्याएं भी प्रस्तुत की गईं। इस पर संबंधित अधिकारियों को नियमों के दायरे में रहते हुए पात्र आवेदकों को शीघ्र राहत पहुंचाने तथा प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर श्री अमित सिंह बम्हरौलिया, एसडीएम श्री सुरेश जाधव, नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री जितेन्द्र गुप्ता, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री पी.सी. चन्द्रवंशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








