सोना-चांदी खरीदारों के लिए खुशखबरी, कीमतों में आई गिरावट

नई दिल्ली। सोना और चांदी की कीमतों में गुरुवार को गिरावट देखने को मिली है, जो खरीदारों के लिए राहत भरी खबर है। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार 24 कैरेट सोने की कीमत 1,27,845 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जबकि 22 कैरेट का दाम 1,17,106 रुपए और 18 कैरेट का 95,884 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया।
चांदी की कीमत भी 1,76,625 रुपए प्रति किलो रह गई है, जो पहले 1,78,190 रुपए थी। हाजिर और वायदा बाजार दोनों में सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी देखने को मिली। 5 फरवरी 2026 के सोने के कॉन्ट्रैक्ट का दाम 0.55 प्रतिशत घटकर 1,29,750 रुपए हो गया, जबकि चांदी के 05 मार्च 2026 के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 1.43 प्रतिशत कम होकर 1,79,738 रुपए रह गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना 4,227.65 डॉलर और चांदी 57.99 डॉलर प्रति औंस पर कमजोर रही। एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी ने कहा कि सोने में गिरावट का कारण वैश्विक स्तर पर कीमतों में कमी और डॉलर के मुकाबले रुपए में रिकवरी है। उनका अनुमान है कि आने वाले समय में सोने की कीमत 1,29,400 से 1,30,750 रुपए प्रति 10 ग्राम के बीच रह सकती है।













