किरंदुल-कोतावालसा रेल लाइन पर 5 जगह लैंडस्लाइड, रेल यातायात ठप
भारी बारिश से जयपुर-कोरापुट के बीच रेलपथ क्षतिग्रस्त, राष्ट्रीय राजमार्ग भी बाढ़ की चपेट में

बस्तर। ओडिशा में लगातार हो रही भारी बारिश का असर किरंदुल-कोतावालसा रेल लाइन पर भी पड़ा है। जयपुर के आगे कोरापुट की ओर रेल मार्ग पर चार से पांच स्थानों पर लैंडस्लाइड होने और रेलपथ क्षतिग्रस्त होने से रेल यातायात प्रभावित हो गया है। इसके अलावा कोरापुट-रायगढ़ा रेल लाइन पर भी लैंडस्लाइड की घटना सामने आई है। एक सुरंग में रेलपथ पर पानी भर जाने की सूचना है। गुरुवार रात से केके रेल लाइन पर लगातार बारिश के कारण व्यवधान की घटनाएं सामने आ रही हैं।
किरंदुल-कोतावालसा रेल लाइन बस्तर क्षेत्र को आंध्र प्रदेश और ओडिशा से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रेल मार्गों में शामिल है। इससे पहले अक्टूबर 2014 में हुदहुद तूफान के दौरान हुई भारी बारिश में जयपुर-कोरापुट रेलखंड पर करीब 29 स्थानों पर लैंडस्लाइड और पटरी बहने की घटनाएं हुई थीं। मौजूदा घटनाओं को उसके बाद रेल लाइन को हुआ बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग भी बाढ़ से प्रभावित
भारी बारिश के कारण सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर जगदलपुर-केशलूर के बीच आवागमन बाधित होने की सूचना है। वहीं बीजापुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-63 भी एक-दो स्थानों पर बाढ़ के कारण बंद बताया गया है।
स्कूल खुलने के बाद छुट्टी का आदेश
बालोद जिले में भारी बारिश के बीच स्कूलों को लेकर प्रशासनिक आदेश में देरी का मामला सामने आया। मौसम विभाग की ओर से पिछले तीन दिनों से भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बावजूद 25 सितंबर को स्कूल अपने निर्धारित समय पर खुल गए। इसके बाद सुबह शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी का आदेश जारी किया।
जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश के अनुसार 25 सितंबर को निर्धारित परीक्षाएं अब 28 सितंबर को पहले से तय समय पर आयोजित की जाएंगी। अचानक जारी हुए आदेश से विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के सामने असमंजस की स्थिति बनी।










